क्राइम

1. दून पुलिस की कार्रवाई में 8.35 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

1. दून पुलिस की कार्रवाई में 8.35 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार


देहरादून। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेल नगर पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 8.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 22 नवंबर 2026 को पटेल नगर कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी की पहचान शब्बीर उर्फ बच्चन (30) पुत्र मुस्तफा, निवासी लोहिया नगर, ब्रह्मपुरी, पटेल नगर के रूप में की है। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाया गया, जहां पूछताछ की गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह नशे के अवैध कारोबार से जुड़ गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद स्मैक सहारनपुर से लेकर आया था। वह इसे स्थानीय स्तर पर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। दून पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।