क्राइम

बरेली: गौकशी की तैयारी कर रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो को लगी गोली

बरेली: गौकशी की तैयारी कर रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो को लगी गोली


बरेली। जिले के मीरगंज क्षेत्र में गौकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लभारी गांव के जंगल में बुधवार रात हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने अवैध हथियार, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि लभारी गांव के जंगल में कुछ लोग पशु कटान की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए।

घायल आरोपियों की पहचान नन्हे उर्फ मतिया निवासी मंकरा और आसिफ कुरैशी निवासी इस्लामनगर, मिलक (रामपुर) के रूप में हुई है। नन्हे के बाएं पैर और आसिफ के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मौके से उनके तीन अन्य साथियों अशरफ, शेर सिंह और आसन शाह निवासी मंकरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे, 12 बोर का एक जिंदा कारतूस, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अतिरिक्त पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 13 नवंबर को लभारी गांव के जंगल में हुई पशु कटान की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।